POK : ‘असली कश्मीरी’ नहीं हैं PoK के लोग? ख्वाजा आसिफ के बयान से पाकिस्तान में भूचाल, बिलावल ने मांगा इस्तीफा

Bindash Bol

POK : पाकिस्तान जिस कश्मीर के नाम पर दशकों से दुनिया को गुमराह करता आया है, अब उसी मुद्दे पर उसके अपने नेता आमने-सामने आ गए हैं। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री  ख्वाजा आसिफ के एक विवादित बयान ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में भारी बवाल खड़ा कर दिया है।

एक टीवी इंटरव्यू में ख्वाजा आसिफ ने रावलाकोट और मीरपुर के लोगों को लेकर ऐसा बयान दे दिया, जिसने पाकिस्तान की राजनीति में तूफान ला दिया। आसिफ ने भाषा के आधार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पोटोहारी और पहाड़ी बोलने वाले रावलाकोट और मीरपुर के लोग “असली कश्मीरी” नहीं हैं। उनके इस बयान को PoK के लोगों की पहचान और सम्मान पर सीधा हमला माना जा रहा है।

PoK में भड़का गुस्सा, सड़कों पर विरोध

पहले से ही आर्थिक बदहाली, महंगाई, बेरोजगारी और राजनीतिक अधिकारों की कमी से जूझ रहे PoK के लोग अब इस बयान से और भड़क गए हैं। रावलाकोट और मीरपुर समेत कई इलाकों में विरोध तेज हो गया है। लोगों का कहना है कि पाकिस्तान केवल कश्मीर के नाम पर राजनीति करता है, लेकिन कश्मीरियों को सम्मान और अधिकार देने के बजाय उन्हें अपमानित करता है।

बिलावल भुट्टो का हमला, इस्तीफे की मांग

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के चेयरमैन  बिलावल भुट्टो जरदारी ने ख्वाजा आसिफ पर तीखा हमला बोला है। बिलावल ने संसद में सवाल उठाते हुए कहा कि एक रक्षा मंत्री आखिर कैसे कश्मीरियों को कश्मीरी मानने से इनकार कर सकता है। उन्होंने यह भी पूछा कि ऐसे बयान के बाद ख्वाजा आसिफ अब तक कैबिनेट में कैसे बने हुए हैं और उनके इस्तीफे की मांग कर डाली।

संसद में भी घिरी सरकार

PPP के वरिष्ठ नेता राजा परवेज अशरफ समेत कई नेताओं ने इस बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताया। वहीं  मौलाना फजलुर रहमान ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए संयम बरतने की अपील की।

खुल गई पाकिस्तान की पोल

विडंबना यह है कि जिस पाकिस्तान ने वर्षों तक खुद को “कश्मीरियों का सबसे बड़ा हितैषी” बताने की कोशिश की, उसी के रक्षा मंत्री अब PoK के लोगों की पहचान पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इससे पाकिस्तान की दोहरी राजनीति और कश्मीर मुद्दे पर उसके खोखले दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। कश्मीर के नाम पर दुनिया भर में बयानबाजी करने वाली सरकार अब अपने ही कब्जे वाले क्षेत्र के लोगों के आक्रोश का सामना कर रही है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment