Bypolls 2026 Voting : मंजलपुर और दतिया के साथ-साथ बांकीपुर सीट पर उपचुनाव, कड़ी सुरक्षा में वोटिंग शुरू

Bindash Bol

* 3 राज्यों की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव आज, बांकीपुर, दतिया और मांजलपुर में डाले जा रहे वोट

Bypolls 2026 Voting : देश के तीन राज्यों की तीन अहम विधानसभा सीटों पर आज यानी 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इनमें बिहार के बांकीपुर, मध्य प्रदेश के दतिया और गुजरात के मांजलपुर में उपचुनाव हो रहे हैं। बिहार की बांकीपुर में बीजेपी, जनसुराज और आरजेडी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मंजालपुर में बीजेपी और कांग्रेस के बीच टक्कर है। इन सीटों के चुनावी नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।

बता दें कि बिहार की बांकीपुर सीट पिछले विधायक नितिन नवीन के इस्तीफे के कारण खाली हुई है, जिसके बाद यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। वहीं, मध्य प्रदेश के दतिया सीट पर उपचुनाव का कारण यहां के पिछले विधायक की विधानसभा सदस्यता समाप्त होना है। जबकि गुजरात के मांजलपुर सीट पर उपचुनाव वरिष्ठ बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के कारण हो रहा है।

मंजलपुर सीट पर बीजेपी का रहा है दबदबा

गुजरात की मंजलपुर सीट 2008 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई। इस सीट पर हमेशा से बीजेपी का दबदबा रहा है। वडोदरा जिले के अंतर्गत आने वाली इस सीट पर बीजेपी के दिवंगत नेता योगेश पटेल ने 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज की थी।

पिछले चुनाव में दतिया से नरोत्तम मिश्रा को मिली थी हार

मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर 2008 से 2018 तक बीजेपी ने लगातार तीन बार जीत दर्ज की। हालांकि, हर चुनाव के साथ कांग्रेस का वोट प्रतिशत बढ़ता गया। 2018 में मुकाबला बेहद कांटे का रहा और 2023 में कांग्रेस ने बीजेपी का विजय अभियान रोक दिया। 2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस ने बाजी मारी थी। कांग्रेस के उम्मीदवार राजेंद्र भारती ने बीजेपी के कद्दावर नेता और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था।

दतिया में क्यों हो रहा है उपचुनाव?

मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर उपचुनाव इसलिए हो रहा है, क्योंकि कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के एक मामले में दिल्ली की एक अदालत ने तीन साल की जेल की सजा सुनाई थी। इसके बाद अप्रैल में उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई थी।

बांकीपुर सीट पर क्यों हो रहा उपचुनाव?

बिहार की बांकीपुर सीट पर उपचुनाव इसलिए हो रहा है, क्योंकि यहां के विधायक नितिन नवीन जो अब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, अप्रैल में राज्यसभा के लिए चुने गए थे। इसकी वजह से यह सीट खाली हो गई थी।

बांकीपुर से चुनावी मैदान में प्रशांत किशोर, BJP-RJD से टक्कर

बीजेपी का गढ़ कहे जाने वाली बिहार की बांकीपुर सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। यहां मुकाबला जनसुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर, बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा और आरजेडी की रेखा गुप्ता के बीच है।

सुबह 7 बजे से शुरू वोटिंग

तीनों विधानसभा सीटों पर मंगलवार शाम को प्रचार थम गया था। वोटिंग आज सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगी, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment