CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के खाते में मेडल की संख्या बढ़ती जा रही है. वेटलिफ्टिंग में अभी तक ज्यादातर मेडल जीतने के बाद भारत के मुक्केबाज अपना जलवा दिखा रहे हैं. खास तौर पर बुधवार 29 जुलाई को तो एक-एक कर 5 बॉक्सर ने अपने मेडल पर मुहर लगा दी.
29 जुलाई को क्वार्टर फाइनल राउंड की शुरुआत साक्षी चौधरी ने की. साक्षी ने अपने 51 किलोग्राम कैटेगरी में नॉरदर्न आयरलैंड की बॉक्सर को 5-0 से हराया और सेमीफाइनल में जगह पक्की हुई. इस तरह उनका मेडल पक्का हो गया. मेडल कौन सा मिलेगा, इसका फैसला आने वाले मुकाबलों में होगा.
साक्षी के बाद महिलाओं के ही 70 किलोग्राम वर्ग में अरुणधति चौधरी का जलवा दिखा. उन्होंने अपने क्वार्टर फाइनल में न्यूजीलैंड की मॉर्गन हेंडरसन को 3-1 से शिकस्त दी और सेमीफाइनल में जगह बनाकर मेडल पर मुहर लगाई.
इसके बाद बारी लड़कों की थी, जहां सबसे पहले सचिन सिवाच ने खाता खोला. उन्होंने मेंस 60 KG में बोत्सवाना ट्रेजर मोरेमी 5-0 से हराते हुए सेमीफाइनल में अपना नाम लिखवाया. साथ ही मेडल भी पक्का हो गया.
अंकुश यादव भी अपने क्वार्टर फाइनल में जीतकर ही लौटे. उन्होंने 80 किलोग्राम कैटेगरी में एंटीगा और बारबुडा के 19 साल के बॉक्सर को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया और मेडल कंफर्म कर लिया.
इसके बाद बारी हैवीवेट कैटेगरी में नरेंदर की थी, जो 90 किलो से ज्यादा वजन में उतरे थे. उनका सामना समाओ के माइकल सेको से हुआ, जो कड़ी टक्कर वाला रहा. यहां नरेंदर ने 3-2 के स्प्लिट डिसीजन के साथ मैच जीतकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया.