Asian Games 2026 :  कुमकुम मोहोद ने रचा इतिहास; महिला व्यक्तिगत रिकर्व में भारत को दिलाया पहला एशियाड गोल्ड

Bindash Bol

* 48 साल का इंतजार खत्म: कुमकुम मोहोद ने 17 साल की उम्र में रचा इतिहास, रिकर्व महिला व्यक्तिगत इवेंट में गोल्ड जीतने वाली बनी पहली खिलाड़ी

Asian Games 2026 : कुमकुम मोहोद ने एशियन गेम्स में भारत को 17वां स्वर्ण पदक दिला दिया। उन्होंने महिला इंडिविजुअल रिकर्व में दक्षिण कोरिया की येजिन ओह को शूट ऑफ में हराकर स्वर्ण अपने नाम किया। कुमकुम ने फाइनल में 6-5 से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ उन्होंने 1978 से चले आ रहे 48 साल के इंतजार को खत्म कर दिया। महिला इंडिविजुअल रिकर्व में यह भारत का पहला पदक है।

दो सेट बाद पिछड़ीं, फिर की शानदार वापसी

कुमकुम फाइनल में एक समय दो सेट के बाद 3-1 से पीछे थीं। इसके बाद उन्होंने वापसी करते हुए स्कोर 3-3 कर दिया। येजिन ने फिर 5-3 की बढ़त बनाई, लेकिन कुमकुम ने करो या मरो वाले पांचवें सेट में दबाव के बीच तीन परफेक्ट 10 लगाए और मुकाबले को 5-5 की बराबरी पर पहुंचा दिया। इसके बाद मुकाबला शूट ऑफ में पहुंचा। येजिन ने अपने एकमात्र शॉट में आठ अंक हासिल किए, जबकि कुमकुम ने परफेक्ट 10 लगाया। इसके साथ ही उन्होंने शूट ऑफ जीता और भारत की झोली में 17वां स्वर्ण डाल दिया।

कुमकुम का दूसरा स्वर्ण, तीसरा पदक

यह एशियन गेम्स 2026 में कुमकुम का दूसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले उन्होंने अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा के साथ महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में स्वर्ण जीता था। इसके अलावा उन्होंने शुक्रवार को धीरज बोम्मदेवरा के साथ मिश्रित रिकर्व में रजत पदक अपने नाम किया था। तीरंदाजी में भारत का यह एशियन गेम्स में पांचवां स्वर्ण है। भारतीय तीरंदाज अब तक कुल आठ पदक जीत चुके हैं, जिनमें पांच स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य शामिल है।

48 साल बाद बदला इतिहास

1978 में शुरू हुए एशियन गेम्स के महिला इंडिविजुअल रिकर्व रिकॉर्ड में 2026 तक भारत की कोई महिला तीरंदाज पदक नहीं जीत सकी थी। कुमकुम ने इस सिलसिले को तोड़ते हुए भारत को इस स्पर्धा में पहला पदक और स्वर्ण दिलाया।

सेमीफाइनल में चीन की तीरंदाज को हराया

कुमकुम ने फाइनल से पहले सेमीफाइनल में चीन की जिंगयी झू को 6-2 से हराया था। उन्होंने मुकाबला 28-27, 30-30, 29-29, 29-28 से जीता। इसके साथ ही वह महिला इंडिविजुअल रिकर्व में पदक पक्का करने वाली और इस इवेंट के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय तीरंदाज बनी थीं। कुमकुम ने इससे पहले क्वार्टर फाइनल में मौजूदा विश्व चैंपियन कांग चेयंग को 6-4 से हराया था। महिला रिकर्व टीम में स्वर्ण और मिश्रित रिकर्व में रजत के बाद अब व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतकर उन्होंने एशियन गेम्स में अपना पदक सफर पूरा किया।

Share This Article
Leave a Comment