Jharkhand : लौहनगरी के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर रविवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। रेलवे के नए लॉबी गेट के समीप बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक रेलकर्मी की माथे में गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे स्टेशन क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
लॉबी गेट के पास ताबड़तोड़ फायरिंग, मौके पर ही दम तोड़ा
मृतक की पहचान जीके मीणा के रूप में हुई है, जो आदित्यपुर के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, देर रात मीणा रेलवे के लोको पायलट लॉबी गेट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और बेहद करीब से उनके माथे पर गोली दाग दी। गोली लगते ही वे जमीन पर गिर पड़े और अपराधी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और रेलकर्मियों के बीच दहशत फैल गई।
जमीन कारोबार और रेलवे टेंडर से जुड़ रहे हत्या के तार
जीके मीणा रेलवे में कार्यरत होने के साथ-साथ जमीन कारोबार और ठेकेदारी के क्षेत्र में भी काफी सक्रिय थे। बताया जा रहा है कि रेलवे पार्किंग और स्टेशन के विस्तार से जुड़े समतलीकरण कार्यों में उनकी अहम भूमिका थी। सूत्रों के अनुसार, रेलवे के आगामी बड़े टेंडरों में भी उनकी गहरी दिलचस्पी थी। पुलिस को संदेह है कि इसी व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता या टेंडर विवाद के कारण अपराधियों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया है।