* चुनावी अनियमितताओं के बाद अब 21 मई को दोबारा डाले जाएंगे वोट
West Bengal Elections : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फलता विधानसभा सीट पर मतदान के दौरान गड़बड़ी को लेकर चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला किया है. चुनाव आयोग ने फलता विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को हुए मतदान स्थगित करने की घोषणा की है. चुनाव आयोग ने अलग से इस सीट के सभी पोलिंग बूथों पर 21 मई को फिर से मतदान कराने का ऐलान किया है और 24 मई को इस सीट पर वोटों की गिनती होगी.
चुनाव आयोग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 29 अप्रैल 2026 को फलता विधानसभा क्षेत्र, पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में पोलिंग स्टेशनों पर मतदान के दौरान गंभीर चुनावी अपराधों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में दखलंदाजी की घटना घटी थी.
चुनाव आयोग की ओर से कहा गया है कि इसके मद्देनजर सहायक पोलिंग स्टेशनों सहित सभी 285 पोलिंग स्टेशनों पर नए सिरे से मतदान कराया जाएगा. सभी पोलिंग स्टेशनों पर 21 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे के बीच नए सिरे से मतदान कराया जाएगा; और वोटों की गिनती 24 मई, 2026 को होगी.
मतदान के दिन लगे थे गड़बड़ी के आरोप
बता दें कि पश्चिम बंगाल के 294 सीटों पर दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान हुए थे. 29 अप्रैल को मतदान के दौरान फलता सीट पर ईवीएम में छेड़छाड़ करने और टेप चिपकाने का मामला सामने आया था. इसे लेकर चुनाव आयोग ने जांच का आदेश दिया था. जांच की रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग ने फलता सीट पर मतदान स्थगित करने का फैसला किया है.
राज्य में 4 मई को मतों की गितनी होगी. चुनाव आयोग के इस फैसले से साफ है कि इस दिन फलता विधानसभा सीट पर हुए मतदान की वोटिंग की गिनती नहीं होगी, बल्कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद 21 मई को फिर से फलता सीट पर मतदान कराये जाएंगे. चार मई को राज्य की 293 सीटों पर ही वोटों की गिनती होगी.
शुक्रवार को आयोग ने घोषणा की थी कि दक्षिण 24 परगना के दो विधानसभा क्षेत्रों, डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम में कुल 15 बूथों पर फिर से चुनाव होंगे. शनिवार को भी दोनों विधानसभा क्षेत्रों में इसी तरह से फिर से चुनाव थे, लेकिन फलता सीट को लेकर शाम तक अनिश्चितता बनी हुई थी. शाम को चुनाव आयोग ने फलता को लेकर बड़ा फैसला किया.
चुनाव के दौरान सुर्खियों में रहा है फलता केंद्र
दूसरे चरण के मतदान से पहले ही दक्षिण 24 परगना जिले लगातार चर्चा में रहा था. डायमंड हार्बर पुलिस जिले के पुलिस पर्यवेक्षक अजयपाल शर्मा और फलता के तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान के बीच ‘कोल्ड वॉर’ शुरू हो गया था. मतदान के दिन फलता में EVM से छेड़छाड़ के आरोप लगे. उसी समय, फिर से चुनाव के लिए आवेदन भी आयोग को सौंपे गए थे. किन बूथों पर फिर से चुनाव होगा, यह तय करने से पहले आयोग ने जांच की. दक्षिण 24 परगना जिले से और भी बूथों पर फिर से चुनाव के लिए आवेदन जमा किए गए थे.