Tilak Varma : जब टीम संकट में थी, तिलक बने जीत की उम्मीद का तिलक

Bindash Bol

Tilak Varma : ये मुंबई इंडियंस के माथे का तिलक है। जब चारों तरफ से अंधेरा नजर आ रहा था तब मुंबई इंडियंस के माथे पर यह तिलक दीपक की तरह चमक रहा था। वह गुजरात टाइटंस की आंधी में भी चमकता रहा और कोई भले ही डेढ़ सौ की रफ्तार में तूफान बनकर उसे बुझाने आया हो लेकिन उसकी चमक और तेजी होती गई।

जिस आग की जरूरत मुंबई इंडियंस को लंबे समय से थी वह आग बल्लेबाजी में तिलक वर्मा ने लगा दी है। हो सकता है तिलक वर्मा इस मुकाबले में अकेले पड़ गए हों लेकिन उनके इस प्रयास के बाद अब पूरी टीम एकजुट होकर खड़ी हो सकती है। पांचवें नंबर पर उतरकर तिलक वर्मा ने ऐतिहासिक पारी खेली है और आईपीएल में अपना पहला शतक लगाया है।

आईपीएल 2026 के 30वें मैच में गुजरात टाइटंस के गेंदबाज कागिसो रबादा आंधी बनकर मुंबई इंडियंस के टॉप ऑर्डर को उड़ा ले गए लेकिन नमन धीर खड़े रहे। पावरप्ले में 44 रनों पर 3 विकेट खोने के बाद नमन धीर ने धीरज रखा और तिलक वर्मा के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 40 गेंदों पर 52 रनों की साझेदारी करके टीम की रिकवरी कराई। नमन धीर 32 गेंद पर 6 चौके और 1 छक्के की सहायता से 45 रन बनाकर आउट हुए।

तिलक वर्मा अपनी पारी की शुरुआत में 19 गेंद पर केवल 22 रन बनाकर खेल रहे थे। अचानक ही तिलक वर्मा के अंदर कोई ज्वालामुखी टाइप विस्फोट हुआ और वह अगली 23 गेंदों पर 82 रन ठोंक डाले। अशोक शर्मा के एक ओवर में 26 रन और प्रसिद्ध कृष्णा के एक ही ओवर में 21 रन ठोके।

मजा तो तब आया जब तिलक वर्मा को शतक पूरा करने के लिए 9 रन बनाने थे और केवल दो गेंद बची थी। तिलक वर्मा ने पहले छक्का जड़ा फिर पारी की आखिरी गेंद पर चौका जड़कर अपना शतक पूरा कर लिया और मुंबई इंडियंस को 20 ओवर में 199 रनों तक पहुंचा दिया। तिलक वर्मा ने मात्र 45 गेंद पर 8 चौके और 7 छक्के लगाते हुए नाबाद 101 रन बनाए। शतक पूरा करने के बाद उनका जश्न भी देखने लायक था।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment