CWG 2026: गोल्ड से चूके नीरज चोपड़ा, सिल्वर से करना पड़ा संतोष; यशवीर सिंह ने आखिरी थ्रो में जीता ब्रॉन्ज

Bindash Bol

CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा गोल्ड मेडल से चूक गए, लेकिन शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं भारत के युवा खिलाड़ी यशवीर सिंह ने अंतिम प्रयास में करियर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। पुरुष जैवलिन थ्रो में भारत ने एक साथ दो पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

ग्लासगो में खेले गए फाइनल मुकाबले में नीरज से गोल्ड की सबसे ज्यादा उम्मीद थी। चोट से वापसी कर रहे नीरज ने दूसरे प्रयास में 85.83 मीटर का शानदार थ्रो कर बढ़त बना ली। हालांकि, श्रीलंका के युवा जैवलिन थ्रोअर रुमेश थरंगा पथिरागा ने उसी राउंड में 89.73 मीटर का दमदार थ्रो कर पहला स्थान हासिल कर लिया।

इसके बाद अगले चार प्रयासों में न तो नीरज और न ही पथिरागा अपने प्रदर्शन में सुधार कर सके। नतीजतन, पथिरागा ने गोल्ड मेडल जीतकर 2006 के बाद कॉमनवेल्थ गेम्स में श्रीलंका को एथलेटिक्स का ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिलाया, जबकि नीरज को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

फाइनल का सबसे बड़ा उलटफेर पाकिस्तान के ओलंपिक और मौजूदा कॉमनवेल्थ चैंपियन अरशद नदीम के रूप में देखने को मिला। चोट के बाद वापसी कर रहे अरशद शुरुआती तीन प्रयासों में 80 मीटर का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके और शीर्ष-8 में जगह बनाने में नाकाम रहे। इसी के साथ उनका मुकाबला तीसरे राउंड के बाद ही समाप्त हो गया।
दूसरा बड़ा रोमांच भारत के यशवीर सिंह ने पैदा किया। जयपुर के इस युवा खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ थ्रो अंतिम प्रयास से पहले 81.33 मीटर था और वह छठे स्थान पर चल रहे थे। लेकिन आखिरी थ्रो में उन्होंने 85.41 मीटर का करियर बेस्ट प्रदर्शन कर सीधे तीसरे स्थान पर छलांग लगा दी और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया। भारत के एक अन्य खिलाड़ी रोहित यादव छठे स्थान पर रहे।

इस तरह पुरुष जैवलिन थ्रो स्पर्धा भारत के लिए दोहरी खुशखबरी लेकर आई। नीरज चोपड़ा ने सिल्वर और यशवीर सिंह ने ब्रॉन्ज जीतकर कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की पदक तालिका को और मजबूत कर दिया।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment