* कराची ब्लास्ट पर बौखलाया पाकिस्तान, भारत का करारा जवाब—’आतंकवाद आपकी सरकारी नीति’
Pakistan : आतंकवाद को दशकों तक पालने-पोसने वाला पाकिस्तान अब अपने ही बनाए दानव का शिकार हो रहा है। लेकिन अपनी नाकामियों का सामना करने के बजाय एक बार फिर उसने पुरानी आदत के मुताबिक भारत पर बेबुनियाद आरोप मढ़ने की कोशिश की। कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के कैंप पर हुए आतंकी हमले के बाद इस्लामाबाद ने बिना किसी सबूत के भारत की ओर उंगली उठाई, जिस पर भारत ने सख्त और स्पष्ट जवाब दिया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान के आरोपों को पूरी तरह झूठा और निराधार बताते हुए कहा कि दूसरों पर कीचड़ उछालने से पहले पाकिस्तान को अपनी जमीन पर पल रहे आतंकवादी ढांचों को खत्म करना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि आतंकवाद को सरकारी नीति का हिस्सा बनाने की पाकिस्तान की आदत अब छोड़नी होगी।
अपने ही पाले आतंकियों का शिकार बना पाकिस्तान
शनिवार देर रात कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर स्थित पाकिस्तान रेंजर्स (सिंध) के पैरामिलिट्री कैंप पर बड़ा आतंकी हमला हुआ। हमले में तीन सुरक्षाकर्मी और तीन हमलावर मारे गए, जबकि एक आतंकी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। इस हमले की जिम्मेदारी तालिबान से जुड़े आतंकी संगठन जमात-उल-अहरार ने ली, जो प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से निकला हुआ गुट है।
फिर वही पुराना राग—भारत पर आरोप
हमले के बाद पाकिस्तान की सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर ने बिना कोई ठोस सबूत पेश किए भारत का नाम घसीटने की कोशिश की। हालांकि भारत ने इस दुष्प्रचार को सिरे से खारिज करते हुए साफ कहा कि आतंकवाद की फैक्ट्री चलाने वाला पाकिस्तान अब अपने ही कर्मों का फल भुगत रहा है और अपनी विफलताओं का दोष भारत पर नहीं थोप सकता।
भारत का संदेश साफ है—आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय झूठे आरोप लगाना पाकिस्तान की पुरानी रणनीति रही है, लेकिन अब यह दुनिया के सामने बेनकाब हो चुकी है।