Paper Leak Law : एंटी-पेपर लीक कानून को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए इंस्टाग्राम वीडियो पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पीएम मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “देश के भविष्य से ज्यादा आपकी स्किन चमक रही है।”
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद से ‘पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) अमेंडमेंट बिल, 2026’ पारित होने के बाद सोशल मीडिया पर एक सेल्फी वीडियो साझा किया। वीडियो में उन्होंने नए कानून को युवाओं और छात्रों के हित में बड़ा कदम बताया।
हालांकि, इस वीडियो के सामने आते ही CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया के जरिए कटाक्ष करते हुए कहा, “देश के भविष्य से ज्यादा आपकी त्वचा चमक रही है।” उनका यह बयान तेजी से चर्चा का विषय बन गया।
यही नहीं, दीपके ने इससे पहले भी प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा था कि “पीएम मोदी सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने में बेहद अच्छे हैं। उन्हें प्रधानमंत्री का पद छोड़कर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बन जाना चाहिए और किसी दूसरे व्यक्ति को देश चलाने देना चाहिए।”
दीपके का यह बयान ऐसे समय आया है जब CJP लगातार परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ अभियान चला रही है। पार्टी का आरोप है कि सिर्फ कानून बना देने से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और जवाबदेही तय करना भी जरूरी है।
वहीं, केंद्र सरकार का दावा है कि नया एंटी-पेपर लीक कानून परीक्षा माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा और भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं की पारदर्शिता को मजबूत करेगा।
प्रधानमंत्री के वीडियो और CJP संस्थापक के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर पक्ष-विपक्ष के समर्थकों के बीच तीखी बहस छिड़ गई है।