सुनील श्रीवास्तव
Varanasi Ropeway : काशीवासियों और पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश सरकार ने वाराणसी की बहुप्रतीक्षित रोप-वे सेवा के किराया दरों को अधिसूचित कर दिया है। देश की पहली शहरी सार्वजनिक परिवहन रोप-वे परियोजना जल्द ही आम लोगों के लिए शुरू होने जा रही है, जिससे शहर के यातायात को नई गति मिलेगी।
शासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार रोप-वे का न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया चौक तक पूरे 3.75 किलोमीटर लंबे मार्ग का सफर मात्र 50 रुपये में पूरा किया जा सकेगा। वहीं विद्यापीठ से रथयात्रा तक यात्रा के लिए केवल 10 रुपये देने होंगे।
‘काशी स्मार्ट पास’ धारकों को विशेष राहत देते हुए सभी किरायों पर 20 प्रतिशत की छूट प्रदान की गई है। इसके तहत कैंट से गोदौलिया तक की यात्रा 40 रुपये और विद्यापीठ से रथयात्रा तक का सफर सिर्फ 8 रुपये में पूरा किया जा सकेगा।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंट रोप-वे स्टेशन पर क्लॉक रूम की व्यवस्था भी की गई है। टिकट धारकों को शुरुआती दो घंटे तक सामान रखने की सुविधा निःशुल्क मिलेगी। इसके बाद 15 किलोग्राम तक के सामान के लिए 50 रुपये प्रति घंटा शुल्क लिया जाएगा।
पर्यटकों और विशेष समूहों के लिए प्रीमियम गोंडोला सेवा भी शुरू की जाएगी। इसके लिए प्रति यात्रा 2000 रुपये का किराया निर्धारित किया गया है, जबकि संस्थाओं या समूहों द्वारा अग्रिम बुकिंग कराने पर प्रति गोंडोला प्रति यात्रा 1200 रुपये शुल्क देना होगा।
अधिसूचना के अनुसार रोप-वे किरायों में प्रत्येक वर्ष 1 अप्रैल से 5 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। इस वृद्धि को पांच रुपये के निकटतम गुणांक तक पूर्णांकित किया जाएगा।
गौरतलब है कि कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक सड़क मार्ग से सामान्यतः 30 से 45 मिनट का समय लगता है, लेकिन रोप-वे शुरू होने के बाद यही दूरी मात्र 15 से 16 मिनट में तय की जा सकेगी।
आधुनिक तकनीक से लैस यह परियोजना शहर में ट्रैफिक जाम कम करने, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्य बातें एक नजर में….
न्यूनतम किराया – 10 रुपये
• अधिकतम किराया – 50 रुपये
• स्मार्ट पास पर 20% छूट
• कैंट से गोदौलिया – 15-16 मिनट में सफर
• क्लॉक रूम की निःशुल्क सुविधा (पहले 2 घंटे)
• प्रीमियम गोंडोला – 2000 रुपये प्रति यात्रा
• देश की पहली शहरी सार्वजनिक परिवहन रोप-वे परियोजना
वाराणसी की यह महत्वाकांक्षी परियोजना न केवल यात्रियों को तेज और सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराएगी, बल्कि काशी के पर्यटन और शहरी परिवहन व्यवस्था को भी नई पहचान देगी।